Uttar Pradesh

आजम खां से मिलने डासना जेल पहुंचे शिवपाल यादव, सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बृहस्पतिवार को गाजियाबाद की डासना जिला कारागार पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद सपा के कद्दावर नेता आजम खां से मुलाकात करने के लिए जेल प्रशासन से अनुमति की प्रक्रिया पूरी की। शिवपाल यादव के जेल पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और उनका स्वागत किया।

जानकारी के मुताबिक, शिवपाल यादव के गाजियाबाद पहुंचने पर वेदांता टोल प्लाजा पर सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उनका अभिवादन किया और इसके बाद शिवपाल यादव का काफिला डासना जिला कारागार के लिए रवाना हो गया। उनके जेल पहुंचने के दौरान समर्थकों की भीड़ मौजूद रही।

जेल के बाहर रोका गया मीडिया, नियमों के तहत होगी मुलाकात

शिवपाल यादव के डासना जेल पहुंचने के बाद सुरक्षा और जेल के निर्धारित नियमों के चलते मीडिया कर्मियों को कारागार के पहले गेट के बाहर ही रोक दिया गया। जेल परिसर के अंदर पत्रकारों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

इस संबंध में जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि आजम खां से मुलाकात जेल के निर्धारित नियमों के अनुसार जाल पर ही कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को जेल की बैरक में जाकर मुलाकात करने की अनुमति नहीं होगी। मुलाकात की पूरी प्रक्रिया जेल के नियमों के तहत ही संपन्न कराई जाएगी।

मुलाकात की तैयारी में जुटा जेल प्रशासन

जेल अधीक्षक के मुताबिक, शिवपाल यादव और आजम खां की मुलाकात के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनाई जा रही थी। समाचार लिखे जाने तक मुलाकात की तैयारियां जारी थीं। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर बातचीत होगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई थी।

सपा नेताओं की मुलाकात पर राजनीतिक हलकों की नजर

शिवपाल यादव और आजम खां दोनों समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। ऐसे में इस मुलाकात को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में चर्चा है। शिवपाल यादव के स्वागत के लिए टोल प्लाजा पर जुटे सपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भी इस दौरे को लेकर पार्टी समर्थकों की सक्रियता को दर्शाती है।

फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि शिवपाल यादव और आजम खां की मुलाकात कब होती है और इसके बाद शिवपाल यादव की ओर से इस संबंध में क्या प्रतिक्रिया दी जाती है।

Related Articles

Back to top button