
उत्तर प्रदेश में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची में नाम नहीं मिलने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। भारत निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों का नाम SIR-2026 से पहले की मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं है, वे अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। आयोग ने साफ किया है कि केवल पहले मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के आधार पर फॉर्म-6 जमा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत कार्रवाई नहीं की जाएगी।
दरअसल, फॉर्म-6 में पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से जुड़ी घोषणा करनी होती है। इसी वजह से पहले से पंजीकृत कई मतदाता दोबारा आवेदन करने में हिचकिचा रहे थे। चुनाव आयोग ने अब इस कन्फ्यूजन को दूर करते हुए कहा है कि ऐसे मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं और सिर्फ पुराने पंजीकरण के आधार पर उन्हें मिथ्या घोषणा का दोषी नहीं माना जाएगा।
हालांकि, इस राहत के साथ कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। आवेदन करने वाले व्यक्ति का नाम पहले से किसी दूसरे विधानसभा या संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं होना चाहिए। साथ ही, फॉर्म-6 में की गई अन्य सभी घोषणाएं भी कानून के अनुरूप होनी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा के अनुसार, चुनाव आयोग के निर्देशों के पालन के लिए प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्हें इन दिशा-निर्देशों की जानकारी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) और संबंधित कर्मचारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि SIR से पहले नाम दर्ज होने के बावजूद अब नाम सूची में नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं।
https://x.com/ceoup/status/2120169626067947567?a=lXCL0geBT7AxnEKwklE&s=20



