Uttar Pradesh

प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की शादी में दिखेगा सियासत का कॉकटेल, सत्ता पक्ष से विपक्ष तक के दिग्गजों को न्योता

मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह की शादी आगामी 4 दिसंबर को लखनऊ में होने जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां तेज हैं। खास बात यह है कि यह समारोह सिर्फ खेल और पारिवारिक जश्न तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि इसमें देश की राजनीति के कई बड़े चेहरे भी नजर आ सकते हैं। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के नेताओं को निमंत्रण भेजे जाने के बाद इस शादी को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।

शादी की तैयारियों के बीच सांसद प्रिया सरोज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपा। यह मुलाकात लखनऊ स्थित अखिलेश यादव के आवास पर हुई। इस दौरान प्रिया सरोज की बड़ी बहन प्रीति सरोज भी मौजूद रहीं। बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को भी व्यक्तिगत रूप से शादी का निमंत्रण दिया जा रहा है। पार्टी के भीतर इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है।

इस हाई-प्रोफाइल शादी में राजनीतिक दायरे को व्यापक रखते हुए अलग-अलग दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और किंजरापु राममोहन नायडू समेत कई प्रमुख हस्तियों को निमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा एनसीपी नेता सुप्रिया सुले, जय शाह और अन्य राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों को भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि विभिन्न दलों के करीब 94 सांसदों को शादी का कार्ड भेजा गया है। ऐसे में अगर सभी आमंत्रित नेता समारोह में पहुंचते हैं तो एक ही छत के नीचे सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई बड़े चेहरे दिखाई दे सकते हैं।

प्रिया सरोज ने अपने संसदीय क्षेत्र मछलीशहर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी इस खुशी में शामिल करने की व्यवस्था की है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए करीब 1,500 विशेष निमंत्रण कार्ड वितरित किए गए हैं। इसके जरिए स्थानीय कार्यकर्ताओं को भी इस पारिवारिक समारोह का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।

क्रिकेट और राजनीति के इस अनूठे मेल ने शादी को खास बना दिया है। एक तरफ भारतीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचान बनाने वाले रिंकू सिंह हैं, तो दूसरी तरफ युवा सांसद प्रिया सरोज हैं। अब सबकी नजरें 4 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले इस समारोह पर टिकी हैं, जहां खेल जगत के साथ-साथ सत्ता और विपक्ष के कई दिग्गजों की मौजूदगी की संभावना है।

Related Articles

Back to top button