
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले संत समाज ने उनके सामने मांग रखी है कि वे 1990 में कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें या घटना पर खेद जताएं। मणिरामदास की छावनी में हुई संत समाज की बैठक में इस संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में संतों ने कहा कि अखिलेश यादव रामजन्मभूमि, हनुमानगढ़ी और अन्य धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने आने से पहले 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर अपना रुख स्पष्ट करें। संत समाज ने शासन से यह भी मांग की कि यदि अखिलेश यादव माफी नहीं मांगते हैं तो उनका अयोध्या दौरा प्रतिबंधित किया जाए, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य ने कहा कि यदि अखिलेश यादव वास्तव में भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या आ रहे हैं तो उन्हें अपने पुराने रुख पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए। वहीं, श्रीरामबल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने कहा कि अखिलेश यादव को मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस काम में संत समाज उनका साथ देगा।
महंत वैदेही बल्लभ शरण ने कहा कि यदि अखिलेश यादव माफी नहीं मांगते या खेद नहीं जताते हैं तो उनके अयोध्या दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सनातन समाज के मतदाताओं को आकर्षित करने की राजनीतिक कोशिश के रूप में देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आगे की रणनीति परिस्थितियों के अनुसार तय की जाएगी।
बैठक में महंत कमल नयन दास, महंत रामशरण दास, अर्जुनदेवाचार्य, महंत रामदास, महंत करुणानिधान शरण, महंत बृजमोहन दास और महंत मनीष दास समेत सैकड़ों संत और धर्माचार्य मौजूद रहे।



