National-News

सैम पित्रोदा ने की PM मोदी की तारीफ, प्रधानमंत्री ने दी दिवाली की बधाई; यूजर बोला- मुझे भी शुभकामनाएं दीजिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बीच सोशल मीडिया पर हुई बातचीत चर्चा में है। पित्रोदा की ओर से प्रधानमंत्री की तारीफ किए जाने के बाद पीएम मोदी ने उन्हें और उनकी पत्नी अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री के इस संदेश के बाद एक्स पर एक यूजर ने भी उनसे मजेदार अंदाज में अपने लिए शुभकामनाएं मांग लीं।

दरअसल, सैम पित्रोदा ने एक वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र किया था। उन्होंने मोदी को अपना गुजराती दोस्त बताते हुए कहा कि एक इंसान के तौर पर वह उनका सम्मान करते हैं। पित्रोदा के मुताबिक, प्रधानमंत्री का उनके और उनकी पत्नी के प्रति व्यवहार आत्मीय, दयालु और स्नेहपूर्ण रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों के बीच निजी स्तर पर कोई मतभेद नहीं हैं और वे प्रधानमंत्री के व्यवहार की कद्र करते हैं।

पित्रोदा की इसी वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “सैम भाई और अंजना बेन आपको दिवाली और नूतन वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। आने वाला साल आपके लिए सुखद और स्वस्थ रहे, यही कामना है। जय जगन्नाथ!”

प्रधानमंत्री की पोस्ट पर मिहिर झा नाम के एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “अगर आप सैम पित्रोदा को दिवाली की शुभकामनाएं दे सकते हैं तो हमें भी शुभकामनाएं दे दीजिए, मोदी जी।” इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया, “आपको भी दिवाली की शुभकामनाएं, मिहिर भाई। आने वाला त्योहारों का मौसम और पूरा साल आपके लिए बहुत अच्छा रहे।” इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर यह बातचीत चर्चा का विषय बन गई।

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सैम पित्रोदा के कुछ बयानों को लेकर उनकी कड़ी आलोचना की थी। पित्रोदा की भारतीयों के रंग-रूप को लेकर की गई टिप्पणी पर भी विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि कुछ सप्ताह बाद उन्हें फिर इस पद पर बहाल कर दिया गया। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान 1984 के सिख-विरोधी दंगों पर उनकी ‘हुआ तो हुआ’ टिप्पणी को लेकर भी विवाद हुआ था। ऐसे में दोनों के बीच हालिया सौहार्दपूर्ण बातचीत ने लोगों का ध्यान खींचा है।

Related Articles

Back to top button