Breaking-News

पंजाब चुनाव के लिए AAP की दूसरी लिस्ट जारी, 31 उम्मीदवारों के नाम घोषित; अब तक 71 प्रत्याशियों का ऐलान

जाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इससे पहले AAP ने अपनी पहली सूची में 40 प्रत्याशियों को टिकट दिया था। इस तरह पार्टी अब तक राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से 71 पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

पार्टी की दूसरी सूची में कई अहम बदलाव किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, आठ मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं और 21 ऐसी विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, जहां पार्टी को पिछले चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। दो सांसदों को भी विधानसभा चुनाव में उतारा गया है। इनमें संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला और होशियारपुर से सांसद राजकुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से टिकट दिया गया है।

अभिनेत्री सोनिया मान को अमृतसर की राजासांसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, लंबी सीट पर कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां की जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा को टिकट दिए जाने की जानकारी है। चमकौर साहिब में डॉ. चरणजीत सिंह की जगह जसबीर सिंह गढ़ी और बठिंडा ग्रामीण में मौजूदा विधायक अमित रत्न कोटफत्ता की जगह गोपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

दूसरी सूची के ऐलान के साथ ही AAP ने पंजाब में चुनावी तैयारियों को और तेज कर दिया है। अब तक घोषित 71 उम्मीदवारों के जरिए पार्टी ने कई सीटों पर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर 2027 में चुनाव होने हैं।

Related Articles

Back to top button