
उत्तर प्रदेश के बागपत में राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार पर गोली चलाने के आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों धीरज और मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान धीरज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह के मुताबिक, दिवाली की रात पड़ोसियों के बीच हुई गोलीबारी में सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार घायल हो गए थे। इस मामले में रमाला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस तभी से दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पुलिस को सूचना मिली कि धीरज और मोनू एक गन्ने के खेत में छिपे हुए हैं। इसके बाद रमाला पुलिस ने खेत की घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान धीरज ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने दूसरे आरोपी मोनू को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। एसपी के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



