Breaking-News

यूपी में हिंदू वोटर कहां गए? केशव मौर्य बोले- कहीं नहीं गए, सब जहां थे वहीं हैं; संगठन को दी क्लीनचिट

उत्तर प्रदेश में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बाद मतदाता सूची में नाम कटने को लेकर बीजेपी के भीतर अलग-अलग बयान सामने आए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची में नहीं होने के दावे के बाद अब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि कोई भी वोटर कहीं नहीं गया है। सभी मतदाता जहां थे, वहीं हैं। हालांकि, जिन पात्र लोगों के नाम किसी वजह से छूट गए हैं, उन्हें जुड़वाने में बीजेपी अपनी भूमिका निभाएगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने बीजेपी संगठन पर उठ रहे सवालों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि SIR के दौरान संगठन से कोई चूक नहीं हुई है और कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत से काम किया है। उन्होंने संगठन को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि संगठन पहले भी सर्वोपरि था और आगे भी रहेगा।

दरअसल, 30 अक्टूबर को बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि यूपी में करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। सीएम के मुताबिक, इनमें करीब 66 लाख ऐसे लोग हैं जिनके नाम पंचायत चुनाव की सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं हैं। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के करीब 55 लाख लाभार्थियों और 18 से 19 वर्ष के लगभग 4.5 लाख युवाओं के नाम भी सूची में नहीं होने की बात कही गई थी।

योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाता सूची की जांच करने और पात्र लोगों के नाम जुड़वाने के निर्देश दिए थे। वहीं, केशव मौर्य ने संगठन का बचाव करते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने पर उसे जुड़वाने में पार्टी मदद करेगी।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का मुद्दा उत्तर प्रदेश की राजनीति में अहम होता जा रहा है। एक ओर मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में नाम सूची में नहीं होने का दावा किया है, तो दूसरी ओर डिप्टी सीएम ने कहा है कि कोई वोटर कहीं नहीं गया। ऐसे में SIR के आंकड़ों और दोनों नेताओं के बयानों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button