
पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 31 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। पार्टी ने दो मौजूदा लोकसभा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा है। संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला और होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है। पहली सूची में 40 नामों के बाद अब पार्टी कुल 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
दूसरी सूची में पांच महिलाओं को मौका दिया गया है। इनमें वनिंदर कौर लूंबा (शुतराणा), सरबजीत कौर माणूके (जगराओं), डॉ. सुहानी डोडा (अबोहर), सोनिया मान (राजा सांसी) और हरजोत कौर लोहटिया (फिल्लौर) शामिल हैं। पार्टी ने कई नए चेहरों को भी मैदान में उतारा है। वहीं, दूसरी सूची में केवल दो मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट मिला है।
टिकट बंटवारे में पार्टी ने बड़ा बदलाव करते हुए एक मौजूदा कैबिनेट मंत्री और दो पूर्व मंत्रियों को टिकट नहीं दिया है। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां की जगह उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को लंबी से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, खरड़ से पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान की जगह परमिंदर सिंह गोल्डी और पट्टी से पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की जगह जसकंवर सिंह गिल उर्फ जस्सा पट्टी को टिकट दिया गया है। इसके अलावा कई मौजूदा विधायकों के टिकट भी काटे गए हैं।
दूसरी सूची में जालंधर सेंट्रल से नितिन कोहली, जालंधर कैंट से दीपक बाली, जालंधर उत्तर से वनीत धीर और आदमपुर से पवन कुमार टीनू को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने कई विधानसभा क्षेत्रों के हलका इंचार्ज को भी टिकट दिया है। इससे पहले 31 अक्टूबर को जारी पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को धुरी से उम्मीदवार घोषित किया गया था। अब 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में पार्टी को 46 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करना बाकी है।



