National-News

जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर PM मोदी, राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, देशभर में मनाया गया बाल दिवस

देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर 14 नवंबर को देशभर में उन्हें याद किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी। नेहरू की जयंती को देशभर में बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू के योगदान और आजाद भारत के शुरुआती वर्षों में उनके नेतृत्व को याद किया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें नमन किया।

दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और आधुनिक भारत के विकास में नेहरू के योगदान को याद किया। ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम ने बच्चों के प्रति नेहरू के प्रेम और उनके बेहतर भविष्य के विजन का जिक्र किया। वहीं, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सैयद अब्दुल नजीर ने बाल दिवस पर बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें देश का भविष्य बताया।

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने अपने संदेश में कहा कि आज के बच्चों के सपने ही कल देश की ताकत बन सकते हैं। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, अधिकारों की सुरक्षा और प्रतिभा को निखारने पर जोर दिया। बीजेपी सांसद नवीन जिंदल ने भी नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए देशभर के बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।

पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में बच्चों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button