National-News

अखिलेश के PDA पर राजभर का पलटवार, बोले- दलितों से पहले अपने पुराने फैसलों का जवाब दें

उत्तर प्रदेश में दलित वोट बैंक को लेकर सियासी घमासान एक बार फिर तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी आगरा में दलित सम्मेलन के जरिए PDA के ‘D’ यानी दलितों को साधने की कोशिश कर रही है, लेकिन सम्मेलन से पहले ही योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के सामने सवालों की पूरी फेहरिस्त रख दी है। राजभर का कहना है कि अखिलेश को दलितों के बीच बड़ी-बड़ी बातें करने से पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के कथित अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

दरअसल,ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि सुना है अखिलेश यादव आगरा में PDA के ‘D’ का सम्मेलन कर रहे हैं। मंच से घोषणाएं करने से पहले उन्हें बाबा साहेब और कांशीराम को लेकर की गई टिप्पणियों और फैसलों पर माफी मांगनी चाहिए।

राजभर ने अपने हमले में सबसे पहले साल 2012 में बनी समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान जिलों के नाम बदलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहेब और माई साहब के नाम पर बने भीमनगर का नाम बदलकर संभल कर दिया गया। रमाबाई नगर का नाम कानपुर देहात और मान्यवर कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज कर दिया गया। इसके अलावा उन्होंने कांशीराम के नाम पर चलने वाली योजनाओं को बंद किए जाने का भी आरोप लगाया।

राजभर ने अस्पतालों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के नाम बदलने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने लखनऊ के डॉ. भीमराव अंबेडकर हरित पार्क और कन्नौज के अंबेडकर मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर इन फैसलों पर अखिलेश यादव क्या जवाब देंगे?

लेकिन राजभर का हमला सिर्फ नाम बदलने तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुए पनवारी कांड का भी जिक्र किया। राजभर के मुताबिक, आगरा के पनवारी में जाटव समाज की बारात पर हमला हुआ था। घोड़े पर बैठकर दूल्हे की बारात निकालने को लेकर शुरू हुई जातीय हिंसा में नौ लोगों की जान गई थी। उन्होंने इटावा की एक घटना का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि वहां दलितों को ट्रैक्टर से कुचला गया था।

इसके बाद राजभर ने आजम खां के एक पुराने बयान को लेकर भी अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान आजम खां ने बाबा साहेब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और उस समय अखिलेश यादव भी मंच पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने इसका विरोध नहीं किया।

राजभर ने शिवपाल यादव को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आजम खां को गृह मंत्री बनाने की बात का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि बाबा साहेब को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को गृह मंत्री बनाने की पैरवी किस तरह की राजनीति है?

वहीं, राजभर ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि अखिलेश यादव उनसे हिंदू समाज से माफी मांगने को कहें।

अब इस पूरे घटनाक्रम के राजनीतिक मायने भी काफी अहम हैं। एक तरफ समाजवादी पार्टी PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ बीजेपी गठबंधन के नेता पुराने फैसलों और घटनाओं को याद दिलाकर सपा की राजनीति पर सवाल खड़े कर रहे हैं। सवाल यही है कि क्या अखिलेश यादव आगरा के दलित सम्मेलन में राजभर के इन आरोपों का जवाब देंगे? या फिर PDA की राजनीति के बीच बाबा साहेब और कांशीराम के सम्मान का मुद्दा उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नया विवाद खड़ा करेगा?

फिलहाल, आगरा का यह सम्मेलन सिर्फ दलितों को साधने का मंच नहीं रह गया है, बल्कि समाजवादी पार्टी और उसके विरोधियों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नया अखाड़ा भी बनता दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button