
प्रतापगढ़ के कुंडा में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय रामकथा आज यानी 17 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। कथा से एक दिन पहले सोमवार को धीरेंद्र शास्त्री प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे, जहां आयोजन के मुख्य आयोजक और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने खुद कार चलाकर उनका स्वागत किया और उन्हें बेंती राजभवन लेकर पहुंचे।
रामकथा शुरू होने से पहले सोमवार रात धीरेंद्र शास्त्री और राजा भैया ने बेंती महल परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। धीरेंद्र शास्त्री के ठहरने की व्यवस्था भी बेंती महल में की गई है। कथा का आयोजन बेंती महल की हवाई पट्टी परिसर में बनाए गए विशाल पंडाल में होगा।
रामकथा को लेकर पूरे कुंडा में तैयारियां की गई हैं। इलाके को भगवा झंडों, बैनर और पोस्टरों से सजाया गया है। कथा से पहले भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में आसपास के कई जिलों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों को भी कथा में आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पंडाल परिसर में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। आयोजकों और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कुंडा पहुंचने से पहले धीरेंद्र शास्त्री दुबई में रामकथा कर चुके हैं। वहां उन्होंने कथा के माध्यम से विश्व शांति और मानव कल्याण का संदेश दिया था। अब उनकी चार दिवसीय रामकथा को लेकर कुंडा और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखा जा रहा है।



