Breaking-News

‘श्रीकृष्ण’, यूथ और बूथ होंगे BJP के चुनावी सूत्र, 2027 की तैयारी में जुटी पार्टी; आज मथुरा बैठक में शामिल होंगे नितिन नवीन

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी इस बार ‘श्रीकृष्ण, यूथ और बूथ’ को चुनावी जीत का प्रमुख सूत्र बनाने की तैयारी में है। सोमवार को मथुरा के दीनदयाल उपाध्याय संस्थान के अशोक सिंघल सभागार में हुई योजना बैठक में चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

बैठक में बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक समेत 54 नेता शामिल हुए। बैठक में बूथ सशक्तीकरण, संगठनात्मक कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी सुरक्षा, विकास और सुशासन के मुद्दों के साथ लाभार्थियों तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर जोर देगी। पार्टी का मानना है कि सरकार के काम और संगठन की जमीनी पकड़ से चुनावी माहौल उसके पक्ष में है, लेकिन जीत का समीकरण मजबूत करने के लिए नए सिरे से सक्रियता बढ़ानी होगी। इसके लिए अगले डेढ़ महीने तक चलने वाला मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) भी अहम माना जा रहा है।

इस बीच, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि प्रदेश में बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, “100 में 60 हमारा है, 40 में बंटवारा है।” मौर्य ने यह भी कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर न्यायिक प्रक्रिया या आपसी सहमति से रास्ता निकालकर अयोध्या की तरह भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

मथुरा में चल रही इस चुनावी रणनीति बैठक में मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। उनके दौरे को 2027 के चुनाव से पहले प्रदेश संगठन की तैयारियों और आगे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button