
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम और श्री जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए सभी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा केवल अवध और मिथिला को ही नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को भी और मजबूत करेगी।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ‘रोटी-बेटी’ के सदियों पुराने संबंधों में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के कर-कमलों से प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए उन्हें अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का अवसर मिल रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से कायम आत्मीय और सांस्कृतिक संबंध आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक सुदृढ़ होंगे। उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण बताया।
सीएम योगी के मुताबिक, इस रेल सेवा से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा आसान होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक समृद्धि को भी नई गति मिलेगी।



