
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी पर बने छह लेन के आधुनिक केबल आधारित पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। इसके शुरू होने से पटना के कच्ची दरगाह और वैशाली के बिदुपुर के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने और पटना में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।
करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल 19.7 किलोमीटर लंबा है। प्रधानमंत्री ने 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें NH-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा, NH-227F के चोरमा-बैरगनिया और NH-327 के उमगांव-सहरसा खंड को छह लेन बनाने से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 1,320 मेगावाट की बक्सर थर्मल पावर परियोजना की दूसरी यूनिट (660 मेगावाट) का भी उद्घाटन किया गया।
ऊर्जा क्षेत्र में बिजली वितरण और ट्रांसमिशन से जुड़ी परियोजनाओं को भी शुरू किया गया। इनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक के RDSS हानि न्यूनीकरण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही नहरों और तटबंधों के जीर्णोद्धार तथा नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर परियोजना की शुरुआत की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और लोक प्रशासन से जुड़ी कई इमारतों और सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया।
प्रधानमंत्री ने करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाला NH-139W का साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड शामिल है, जिसे चार लेन का बनाया जाएगा। इसके अलावा पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना के लिए बिजली निकासी से जुड़ी करीब 3,350 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी गई। बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा में सीवरेज एवं जलापूर्ति परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
शिक्षा और प्रशासनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, IIT पटना के रिसर्च पार्क और छात्रावास, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया और पुलिस डेटा सेंटर से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाई।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इन परिवारों को पक्के मकान की सुविधा मिली है। सड़क, बिजली, आवास, परिवहन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में घोषित इन परियोजनाओं को बिहार के बुनियादी ढांचे और विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



