
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित एक्सप्रेसवे, औद्योगिक तथा बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को राज्य परिवर्तन आयोग की बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समय के भीतर काम पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार किया गया है। ऐसे में उद्योगों को मिलने वाली सुविधाओं, प्रोत्साहनों और सब्सिडी का लाभ केवल कंपनियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा फायदा स्थानीय युवाओं और निवासियों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निवेश के जरिए पैदा होने वाले रोजगार के अवसरों में उत्तर प्रदेश के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं को रोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उनका कहना था कि एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी और निवेश क्षमता बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा करें। सरकार का फोकस अब परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ उनके लाभ को आम लोगों तक पहुंचाने पर है।



