Breaking-News

UP PCS 2025: हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट किया रद्द, नए सिरे से बनेगी मेरिट लिस्ट; मेंस और इंटरव्यू पर भी असर

उत्तर प्रदेश पीसीएस परीक्षा 2025 की चयन प्रक्रिया को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने प्रारंभिक परीक्षा का घोषित परिणाम रद्द करते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को आरक्षण और मेरिट के नियमों के अनुसार नई मेरिट सूची तैयार करने का निर्देश दिया है। इस फैसले से मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।

मामला मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित यानी ओपन कैटेगरी में जगह नहीं दिए जाने से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि उनके अंक अनारक्षित वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक थे, इसके बावजूद उन्हें सामान्य श्रेणी में शामिल नहीं किया गया। उनका तर्क था कि ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए होती है और अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को भी इसमें स्थान मिलना चाहिए।

आंकड़ों के मुताबिक, UPPCS 2025 की प्रारंभिक परीक्षा के लिए 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2,65,270 परीक्षा में शामिल हुए। आयोग ने पहले परिणाम में 11,727 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया था। इनमें से 10,284 अभ्यर्थियों ने मेंस परीक्षा दी और बाद में 2,297 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया।

अभ्यर्थियों के अधिवक्ता के मुताबिक, हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रारंभिक परीक्षा दोबारा नहीं होगी। आयोग को पहले से आयोजित परीक्षा के अंकों के आधार पर आरक्षण नियमों के अनुरूप नई मेरिट सूची तैयार करनी होगी। इसके बाद संशोधित परिणाम के आधार पर मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। यानी पहले घोषित परिणाम के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों की स्थिति भी बदल सकती है।

Related Articles

Back to top button