
उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मरीजों के इलाज में फर्जीवाड़े और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए योगी सरकार ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब योजना के तहत सूचीबद्ध सभी अस्पतालों में पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट को योग्य और पंजीकृत पैथोलॉजिस्ट से सत्यापित कराना अनिवार्य होगा। रिपोर्ट पर विशेषज्ञ का नाम, शैक्षणिक योग्यता और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना भी जरूरी होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यह कदम निजी पैथोलॉजी लैब और कुछ चिकित्सकों की कथित मिलीभगत से जांच रिपोर्टों में हेरफेर और मरीजों को अनावश्यक जांच कराने की शिकायतों के बाद उठाया गया है। साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के मुताबिक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक की ओर से 10 नवंबर को जारी दिशा-निर्देश सभी सूचीबद्ध अस्पतालों पर लागू होंगे।
नए नियमों के तहत पैथोलॉजी रिपोर्ट पर केवल निर्धारित योग्यता रखने वाले विशेषज्ञ ही हस्ताक्षर कर सकेंगे। इसके लिए एमडी, डीएनबी या डीसीपी पैथोलॉजी अथवा संबंधित विषय में मान्य योग्यता जरूरी होगी। पैथोलॉजिस्ट की गैरमौजूदगी में उनके स्कैन किए हुए हस्ताक्षर या पहले से हस्ताक्षरित लेटरहेड का इस्तेमाल करके रिपोर्ट जारी नहीं की जा सकेगी। लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट भी स्वतंत्र रूप से जांच रिपोर्ट जारी नहीं कर सकेंगे।
सरकार ने मशीन से तैयार जांच परिणामों में मैनुअल बदलाव और हेरफेर पर भी रोक लगा दी है। प्रत्येक मरीज के सैंपल को विशिष्ट पहचान संख्या देना होगा। रिपोर्ट में मरीज का नाम, जांच भेजने वाले डॉक्टर का नाम, सैंपल लेने का समय और सैंपल संग्रह करने वाले सेंटर या एजेंट का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा अस्पतालों को केवल चिकित्सकीय जरूरत के आधार पर ही जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने, अनधिकृत लैब का इस्तेमाल करने या जांच परिणामों में हेरफेर करने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई होगी। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर अस्पताल की आयुष्मान योजना के तहत मान्यता भी समाप्त की जा सकती है।



