Breaking-News

आधी आबादी को मिलेगा 33% प्रतिनिधित्व! परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी पर CM योगी ने जताया PM मोदी का आभार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने का रास्ता प्रशस्त करेगा। इसके तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता खुलेगा। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात बरकरार रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटें बढ़ाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। उनके मुताबिक, देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की यह पहल महिला सशक्तीकरण के साथ विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूती देगी।

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को इस महत्वपूर्ण पहल में सहयोग देना चाहिए, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सके।

Related Articles

Back to top button