
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट से परिसीमन विधेयक को मंजूरी मिलने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए कहा कि इस फैसले से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता साफ होगा। इससे संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का रास्ता खुलेगा। उन्होंने दावा किया कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात बरकरार रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटें बढ़ाई जाएंगी। इससे किसी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की यह महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस पहल में सहयोग देना चाहिए, ताकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का मार्ग प्रशस्त हो सके।



