
बिहार में विकास योजनाओं की प्रगति और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। यह बैठक पटना सचिवालय परिसर स्थित अधिवेशन भवन में आयोजित होगी। इसमें सभी विभागों के सचिवों के साथ जिलों के डीएम, एसपी, आईजी, डीआईजी, एसएसपी, प्रमंडलीय आयुक्त और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक, 28 नवंबर को दोपहर 1 बजे अधिकारियों के साथ बैठक शुरू होगी। मुख्यमंत्री जिलों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और यह जानेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस हद तक पहुंच रहा है। जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं आ रही हैं, उन्हें दूर करने के उपायों पर भी चर्चा होगी।
बैठक में बिजली, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य महत्वपूर्ण विभागों की ओर से प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। अधिकारी अपने विभागों के कामकाज, पूरी हो चुकी योजनाओं और लंबित परियोजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। इसके साथ ही जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अपराध नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदमों की भी समीक्षा की जाएगी।
इस दो दिवसीय बैठक को प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था की जवाबदेही तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अधिकारियों से विकास कार्यों में तेजी लाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों का ब्योरा ले सकते हैं।



