Breaking-News

UP पुलिस के ट्वीट में आरोपियों की जाति लिखने पर विवाद, पोस्ट डिलीट; पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने DGP से मांगा जवाब

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर पुलिस के आधिकारिक X हैंडल से की गई एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि पुलिस ने सड़क पर बुजुर्ग के साथ मारपीट के मामले में शिकायतकर्ता और आरोपियों की जातियों का भी उल्लेख किया था। मामला सामने आने के बाद पोस्ट डिलीट कर संशोधित अपडेट जारी किया गया। अब पूर्व IPS अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस पर आपत्ति जताते हुए यूपी के DGP को पत्र लिखा है।

मामला 23 नवंबर को अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट से जुड़ा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शिकायतकर्ता उमेश मिश्रा की तहरीर पर नामजद आरोपी श्याम सिंह और राहुल मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 352, 115(2), 117(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

अमिताभ ठाकुर के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती पोस्ट में शिकायतकर्ता उमेश मिश्रा और दोनों आरोपियों की जातियों का उल्लेख किया गया था। विवाद बढ़ने के बाद मूल पोस्ट हटा दी गई और जातियों का जिक्र किए बिना नया अपडेट जारी किया गया। मूल पोस्ट का लिंक अब उपलब्ध नहीं है, हालांकि उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने पुलिस की आधिकारिक सूचनाओं में अनावश्यक जातिगत पहचान शामिल करने को गंभीर मामला बताया है। उन्होंने DGP से पूरे प्रकरण की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों और सोशल मीडिया प्रभारियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है, ताकि पुलिस की आधिकारिक पोस्ट में अनावश्यक जातिगत टिप्पणियों से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button