समुद्र की लहरों से बिजली बनेगी! यूपी के अमन पांडे का कमाल का साइंस मॉडल वायरल
मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित अखिल भारतीय विज्ञान प्रदर्शनी इस बार कुछ खास रही। देशभर से आए युवा वैज्ञानिकों ने अपने इनोवेटिव मॉडल पेश किए, लेकिन उनमें सबसे ज्यादा चर्चा अयोध्या के अमन पांडे के अनोखे मॉडल की रही। अमन ने ऐसा मॉडल तैयार किया है जिससे समुद्र की लहरों से बिजली पैदा की जा सकती है। यानी आने वाले समय में वेव एनर्जी एक बड़ी ऊर्जा क्रांति बन सकती है।
अमन पांडे का कहना है कि भविष्य में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा साधनों की जरूरत तेजी से बढ़ रही है। इसी सोच के साथ उन्होंने सरल हार्मोनिक गति यानी SHM के सिद्धांत पर आधारित वेव एनर्जी मॉडल तैयार किया है। उनका कहना है कि समुद्र में 24 घंटे उठने वाली लहरें हमेशा ऊर्जा पैदा करती रहती हैं और इन्हें सही तकनीक से बिजली में बदला जा सकता है।
उन्होंने अपने मॉडल में पानी के भीतर मैग्नेट, कॉइल और ऊपर एक फ्लोटिंग बॉल का इस्तेमाल किया है। जब समुद्र की लहरें ऊपर-नीचे होती हैं तो यह बॉल कॉइल और मैग्नेट के साथ मूवमेंट करती है, जिससे ऊर्जा उत्पन्न होती है और कन्वर्टर के माध्यम से उसे बिजली में बदला जा सकता है। इस पूरी प्रक्रिया में कोई तरह का प्रदूषण नहीं होता और लागत भी काफी कम आती है।
अमन के अनुसार वेव एनर्जी सौर ऊर्जा की तरह ही एक बड़ी उम्मीद बन सकती है। जिस तरह सूर्य की रोशनी को बिजली में बदला जा रहा है, उसी तरह समुद्र की लहरें भी बड़े पैमाने पर बिजली दे सकती हैं। खास बात यह कि यह ऊर्जा लगातार पैदा होती रहती है।
उन्होंने बताया कि विदेशों में इस तकनीक पर काम काफी तेजी से हो रहा है और कई देशों में वेव एनर्जी प्लांट भी सेटअप किए जा चुके हैं। भारत में भी अब इस तकनीक पर शोध शुरू हो चुका है और 3D मॉडल विकसित किए जा रहे हैं। इसी दिशा में उन्होंने अपना एक अलग और इनोवेटिव मॉडल बनाया है जिसे विज्ञान मेले में काफी सराहना मिली।
अमन का यह मॉडल कई स्तरों की प्रतियोगिताएँ जीतकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने स्कूल, जिला, क्षेत्रीय और राज्य स्तर पर चयन के बाद अखिल भारतीय विज्ञान मेले में अपनी जगह बनाई। अमन का कहना है कि भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए विज्ञान में नए प्रयोग ज़रूरी हैं और वे आगे भी ऊर्जा के क्षेत्र में नए प्रयोग करने की इच्छा रखते हैं।