
उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी तेज हो गई है। सरकार को एक हाई-टेक डिटेंशन सेंटर का विस्तृत डेमो और ब्लूप्रिंट भेजा गया है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रस्तुत किया गया है। प्रस्तावित मॉडल आधुनिक तकनीक, कड़ी सुरक्षा और बड़ी क्षमता के चलते खासा चर्चाओं में है। मंजूरी मिलने पर यह मॉडल प्रदेश के 17 नगर निकाय क्षेत्रों में लागू किया जाएगा।
राज्य सरकार पहले ही निर्देश दे चुकी है कि सभी नगर निकाय अपने क्षेत्र में रह रहे संदिग्ध रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की विस्तृत सूची तैयार करें। यह सूची सत्यापन के लिए संबंधित पुलिस महानिरीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को सौंपी जाएगी, जिनका काम पहचान किए गए लोगों को डिटेंशन सेंटर में रखने की प्रक्रिया आगे बढ़ाना होगा। अब इस कार्ययोजना को अगले चरण में ले जाते हुए सरकार को 15 हजार लोगों की क्षमता वाले विशाल डिटेंशन सेंटर का पूरा प्रारूप भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस मॉडल में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रस्तावित सेंटर में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, अंदर और बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा, और हाई-टेक निगरानी सिस्टम शामिल हैं। बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, फेस रिकॉग्निशन सिस्टम, और 24×7 मॉनिटरिंग वाले सीसीटीवी नेटवर्क के बिना किसी भी व्यक्ति का प्रवेश असंभव होगा। यहां तक कि अधिकृत अधिकारियों को भी अंदर जाने के लिए फेस रिकॉग्निशन, फिंगरप्रिंट और कंट्रोल रूम से ग्रीन सिग्नल की आवश्यकता होगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कमिश्नर ने यह विस्तृत डेमो तैयार कर राज्य सरकार और गृह विभाग को भेजा है, जहां इसकी डिजाइन और सुरक्षा मानकों की जांच चल रही है। डेमो के अनुसार केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 50 केंद्रीय सुरक्षा बल कर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव भी शामिल है। पुरुष और महिलाओं को एक ही परिसर में रखा जाएगा, लेकिन उनके लिए अलग-अलग बैरक और सुरक्षा व्यवस्थाएं होंगी।
सरकार की मंजूरी मिलने के बाद 17 नगर निकायों में डिटेंशन सेंटर बनाए जाने की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। यदि किसी क्षेत्र में घुसपैठियों की संख्या अधिक पाई जाती है, तो वहां एक से अधिक सेंटर भी स्थापित किए जा सकते हैं। इस पूरी योजना पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और जल्द ही अंतिम निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।



