यूपी: नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद का बड़ा आरोप, बोले- मेरी हत्या की रची गई साजिश, उच्चस्तरीय जांच की मांग
यूपी के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या की साजिश रची गई है। सांसद ने इस मामले में सरकार से उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उनके पास इस संबंध में कुछ सूचनाएं और स्रोत हैं, जिन्हें वह जिम्मेदारी के साथ सामने रख रहे हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या का षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि इस कथित साजिश के पीछे कौन लोग हैं। सांसद ने यह भी कहा कि जांच के दौरान बाराबंकी में हुई घटना से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए।
अपने विरोधियों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मौत से डरकर जीवन नहीं जिया जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मौत किसी के हाथों लिखी होगी तो वह हो जाएगी, लेकिन अगर विरोधी अपने मंसूबों में सफल नहीं हुए और उनके समर्थकों ने उन्हें ताकत और हिम्मत दी, तो ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश से पलायन करना पड़ेगा।
सांसद ने अपनी सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मामला सिर्फ उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सुरक्षा प्राप्त और निर्वाचित जनप्रतिनिधि के काफिले पर दिनदहाड़े पत्थरबाजी की गई और पेट्रोल-डीजल जैसी ज्वलनशील चीजों से भरी बोतलों के जरिए गाड़ी में आग लगाने का प्रयास किया गया। चंद्रशेखर ने सवाल उठाया कि यदि इस तरह की घटनाओं में आरोपी बेखौफ नजर आते हैं, तो प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों की सुरक्षा और न्याय की स्थिति क्या होगी।
यह पूरा मामला उस घटना से जुड़ा है, जब चंद्रशेखर आजाद गोंडा में व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी में टोल प्लाजा के पास उनके काफिले को रोक लिया गया था। इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की की बात भी सामने आई थी।
गोंडा जाने से रोके जाने के बाद सांसद ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए थे। अब उन्होंने इसी घटनाक्रम के बीच अपनी हत्या की कथित साजिश का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
वहीं, अपने समर्थकों से चंद्रशेखर आजाद ने डरने के बजाय संघर्ष जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह मौत से डरने वाले नहीं हैं और उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।