3 दिन बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए लालकृष्ण आडवाणी, सीने में संक्रमण के चलते थे भर्ती
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और भारत रत्न से सम्मानित लालकृष्ण आडवाणी को तीन दिन बाद सोमवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद 16 अक्टूबर को दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, उनकी सेहत में सुधार हुआ है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।
लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था। यहां पल्मोनरी विभाग में उनका इलाज चल रहा था। उनकी देखभाल वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में की जा रही थी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने का फैसला लिया गया। हालांकि, उनकी आगे की देखभाल से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
आडवाणी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। अब अस्पताल से छुट्टी मिलने की खबर के बाद उनके समर्थकों को राहत मिली है।
यह पहली बार नहीं है जब उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा हो। इससे पहले भी उन्हें इसी साल मई में इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी को देशभर में संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। वह कई बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और केंद्र सरकार में गृह मंत्री तथा उप प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
साल 1990 में निकाली गई उनकी राम रथ यात्रा भारतीय राजनीति की महत्वपूर्ण घटनाओं में शामिल रही। इस यात्रा ने बीजेपी के राजनीतिक विस्तार में अहम भूमिका निभाई। लंबे सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2024 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया था। उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे।
इसी महीने 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आडवाणी के आवास पर उनसे मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था। फिलहाल, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी सामने आई है।