
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के जंगल तिकोनिया नंबर तीन स्थित वनटांगिया गांव में ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाई। मुख्यमंत्री के रूप में यह लगातार दसवां अवसर रहा, जब उन्होंने वनटांगिया समुदाय के बीच पहुंचकर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों, ईको टूरिज्म और बाजार विकास से जुड़ी 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
दीपावली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या की विरासत और विकास को लेकर विपक्षी दल दुष्प्रचार कर रहे हैं। योगी ने कहा कि अयोध्या और प्रदेश में विकास की यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है और इसे रोक पाने में विफल विपक्ष अब इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश की विरासत को संरक्षित करने के साथ विकास को आगे बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को गति मिली है। सड़कों का निर्माण, बिजली की उपलब्धता, एयरपोर्ट और रेलवे कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में काम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि सरकार बिना भेदभाव के लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। साथ ही उन्होंने नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
वनटांगिया समुदाय का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद भी लंबे समय तक इस समाज के लोगों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि पहले वनटांगिया गांवों में सड़क, बिजली, पानी, राशन कार्ड, स्कूल, अस्पताल और पेंशन जैसी सुविधाओं का अभाव था। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 56 वनटांगिया गांवों की स्थिति ऐसी थी, जहां के लोगों को सामान्य नागरिकों की तरह सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने वनटांगिया परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम किया है। उन्होंने दावा किया कि इन गांवों में 770 पक्के मकान बनवाए गए हैं और आंगनबाड़ी, स्कूल, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि अब बच्चे ढिबरी की रोशनी के बजाय घरों में बिजली की रोशनी में पढ़ाई कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने वनटांगिया समुदाय के लोगों से अपने संघर्ष के इतिहास को याद रखने और आने वाली पीढ़ी को इसके बारे में बताने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले की परिस्थितियों और आज उपलब्ध सुविधाओं के बीच आए बदलाव को समझना जरूरी है। उनके अनुसार, वर्ष 2017 के बाद सरकार ने इन परिवारों को विकास योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दीपावली और रामराज्य का उल्लेख करते हुए कहा कि वनवास का कालखंड समाप्त होने के बाद रामराज्य आता है। उन्होंने कहा कि वनटांगिया गांवों में भी अब विकास और सुविधाओं के जरिए बदलाव दिखाई दे रहा है। 82.41 करोड़ रुपये की 52 परियोजनाओं में 26 कार्यों का शिलान्यास और 26 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इनमें कुसम्ही जंगल में ईको पार्क, पिपराइच में वैश्विक नगर बाजार और वनटांगिया गांव की कनेक्टिविटी बेहतर करने से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।



