
बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में दिवाली की रात महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। घर से लापता पिता की तलाश में निकलीं दो सगी बहनों को रास्ते में कुछ युवकों ने कथित तौर पर घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर बड़ी बहन को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि छोटी बहन को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात करीब 11 बजे तक जब दोनों बहनों के पिता घर नहीं लौटे तो वे उनकी तलाश में निकल पड़ीं। घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर दूसरे गांव के कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने बड़ी बहन के मुंह में कपड़ा बांध दिया। छोटी बहन ने विरोध करने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों को जबरन सुनसान रास्ते की ओर ले जाया गया।
पीड़ित पक्ष के आरोपों के अनुसार, बदमाश दोनों बहनों को गांव से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान ग्रामीण सड़क पर ले गए। वहां बड़ी बहन के साथ आरोपियों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। छोटी बहन हथियार के डर से विरोध नहीं कर सकी। आरोप यह भी है कि घटना के दौरान आरोपियों ने वीडियो बनाया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि करीब दो घंटे तक दहशत में रहने के बाद दोनों बहनें रात लगभग एक बजे घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के साथ पीड़ित परिवार की कठिन परिस्थितियां भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले दोनों बहनों की मां का निधन हो गया था। चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी होने के कारण बड़ी बहन ने पढ़ाई छोड़कर घर की जिम्मेदारी संभालनी शुरू कर दी थी। हाल ही में उसने बीए में दाखिला लिया था। मां की मौत के बाद से पिता भी मानसिक तनाव में रहते हैं।
दिवाली की रात हुई इस कथित वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अब पुलिस जांच, आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।



