
प्रतापगढ़: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित हनुमंत कथा को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब प्रतापगढ़ से सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने भी धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा है। सांसद ने उन पर विवादित बयान देने और पर्ची के जरिए लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए उनकी कथा का आयोजन नहीं कराने की मांग की है।
सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री लगातार विवादित बयान देते हैं और पर्ची निकालकर लोगों को मूर्ख बनाने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म को पैसा कमाने का जरिया बना लिया गया है। सांसद के मुताबिक, ऐसे लोगों को धार्मिक मंच नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने इस आयोजन का विरोध करते हुए कथा रद्द करने की मांग की है।
इससे पहले अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर धीरेंद्र शास्त्री से जुड़े कथित विवादित बयानों पर नाराजगी जताई थी। अखिलेश ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम के पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने का मुद्दा उठाया और संबंधित कार्यक्रमों को रद्द करने की मांग की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा था, “अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।”
दरअसल, विवाद की पृष्ठभूमि में धीरेंद्र शास्त्री का भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिया गया बयान है। इस बयान पर कुछ संतों, श्रद्धालुओं और यादव समाज के लोगों ने आपत्ति जताई थी। विरोध बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करना नहीं था। उन्होंने भावनाएं आहत होने पर माफी भी मांगी थी।
वहीं, इस पूरे विवाद का एक अहम पहलू यह भी है कि प्रस्तावित कथा का आयोजन जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से कराया जा रहा है। प्रतापगढ़ के बेंती में 17 से 20 नवंबर तक कथा और धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। ऐसे में अखिलेश यादव और सपा सांसद के विरोध के बाद यह आयोजन राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।



