Breaking-News

CM योगी ने 1,146 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, 4,300 किसान परिवारों को मिले ₹215 करोड़; शिवपाल यादव पर भी कसा तंज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरी देने का अभियान लगातार जारी रहेगा। हर पांचवें दिन नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम होगा और यह सिलसिला 26 जनवरी तक जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी। उस समय परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा ले जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती आयोग और बोर्ड दबाव में काम करते थे और प्रदेश में सैफई सिंडिकेट का प्रभाव था। फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौर में व्यवस्था के भीतर भी मुन्ना भाई बैठे हुए थे। सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार में अब तक 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिवारवाद, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण के आंकड़े गिनने के लिए अखिलेश यादव को शिवपाल यादव को ट्यूटर रख लेना चाहिए, क्योंकि उन्हें काउंटिंग का पुराना अभ्यास है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अभी कई विभागों में भर्तियां होनी बाकी हैं और सरकार तीसरी पारी से पहले उन विभागों में भी नियुक्ति पत्र वितरित करने का प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस भर्ती और कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में पुलिस विभाग में करीब डेढ़ लाख पद खाली थे। उनके मुताबिक, पिछली सरकार में पीएसी की 54 कंपनियां समाप्त कर दी गई थीं और प्रदेश में दंगों व कर्फ्यू का माहौल रहता था। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। वहीं किसानों के लिए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का दायरा बढ़ाकर अब किसान, बटाईदार और उनके परिवारों को भी लाभ दिया जा रहा है। अब तक 1.40 लाख से अधिक किसान परिवारों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button