Breaking-News

सीएम योगी ने जेवर को दिया ₹1,200 करोड़ के निवेश का तोहफा, ट्रैक्टर प्लांट से खुलेंगे रोजगार के रास्ते

उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को लेकर एक नई परियोजना शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएनएच इंडस्ट्रियल के ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में करीब 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से 100 एकड़ में यह प्लांट स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इससे हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र करते हुए कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। योगी ने कहा कि प्रदेश में बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण होने से देश-विदेश में इनकी मांग बढ़ने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने जेवर के बदलते स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा के विकास से यह क्षेत्र औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। यहां सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी परियोजनाएं भी विकसित की जा रही हैं।

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.5 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों की जल्द ग्राउंड ब्रेकिंग होने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार और स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच का यह प्लांट कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को बढ़ावा देगा। उन्होंने युवाओं को आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर और अन्य जनप्रतिनिधि व कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button