
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक आवास पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने उनके निधन की पुष्टि की है। निधन की खबर उस समय सामने आई, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
सावित्री देवी इसी पंचूर गांव में रहती थीं, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। उनका अप्रैल 2020 में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उस समय कोरोना महामारी और लॉकडाउन के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। उन्होंने तब कहा था कि प्रदेश में कोरोना संकट के कारण वह पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर सकेंगे।
सावित्री देवी के परिवार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा चार बेटे और तीन बेटियां हैं। उनके भाइयों के नाम मानेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह और शैलेंद्र मोहन हैं, जबकि बहनों के नाम पुष्पा देवी, कौशल्या और शशि देवी हैं।
1994 में घर छोड़कर संन्यासी बन गए थे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। उनका जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था। वर्ष 1994 में उन्होंने सांसारिक जीवन छोड़कर संन्यास ले लिया था। इसके बाद वह गोरखपुर स्थित गोरक्षपीठ से जुड़े और महंत अवैद्यनाथ के शिष्य बने। संन्यास लेने के बाद परिवार से उनका मिलना-जुलना कम हो गया, लेकिन मां के साथ उनका जुड़ाव बना रहा। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह समय-समय पर अपने पैतृक गांव और परिवार से मिलने जाते रहे।
2022 में पांच साल बाद गांव पहुंचे थे योगी
मई 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब पांच साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी। उन्होंने अपने घर पर रात भी बिताई थी। गांव में उनके स्वागत की तैयारियां की गई थीं और परिवार के लोगों से मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई थीं।
2024 में AIIMS ऋषिकेश में मां से मिलने पहुंचे थे
जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने ऋषिकेश स्थित AIIMS पहुंचे थे। उम्र संबंधी परेशानियों के चलते सावित्री देवी अस्पताल में भर्ती थीं। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली और करीब 30 मिनट तक मां के साथ रहे। इस दौरान उत्तराखंड के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह



