Uttar Pradesh

पूर्व सांसद रमेश बिंद पर हमले का आरोप, स्कॉर्पियो के शीशे टूटे; बेटे के सिर और नाक में आई चोट

उत्तर प्रदेश में पूर्व सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता रमेश बिंद ने अपने ऊपर हमले का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, वह बेटे का इलाज कराकर अस्पताल से घर लौट रहे थे, तभी शीतला माता मंदिर के पास एक व्यक्ति ने उनकी गाड़ी पर ईंट से हमला कर दिया। इस घटना में उनकी स्कॉर्पियो के शीशे टूट गए और उनके बेटे को चोटें आई हैं।

रमेश बिंद ने बताया कि उनके बेटे के पेट में तेज दर्द होने के कारण वह उसे अस्पताल लेकर गए थे। वापसी के दौरान एक व्यक्ति गाड़ी के सामने आया और उन्हें नमस्कार किया। जैसे ही उनकी गाड़ी आगे बढ़ी, उसने ईंट से हमला कर दिया। बिंद का आरोप है कि शीशे के पास बैठे उनके बेटे के सिर, नाक और कान में चोट लगी है।

घटना के बाद रमेश बिंद ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की अपील की है। फिलहाल, हमले के आरोपों की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

गौरतलब है कि रमेश बिंद 2019 में बीजेपी के टिकट पर भदोही से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने थे। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया, जिसके बाद वह समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। सपा ने उन्हें मिर्जापुर से चुनाव मैदान में उतारा था, जहां उन्हें एनडीए की उम्मीदवार अनुप्रिया पटेल से हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button