Posted By : Admin

भूकंप के झटकों से कांपा बिहार, लोगों में अफरा-तफरी, पड़ोसी देश में था भूकंप का केंद्र

शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे बिहार में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे उत्तर बिहार के कई इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 मापी गई, जबकि इसका केंद्र नेपाल-चीन सीमा के लिस्टीकोट, सिन्धुपालचोक क्षेत्र में था। भारतीय समयानुसार, यह झटके रात 2:05 बजे दर्ज किए गए। हालांकि, बिहार में अब तक किसी बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

पूरे उत्तर बिहार में महसूस हुए झटके

भूकंप के तेज झटकों के कारण उत्तर बिहार के रक्सौल, समस्तीपुर, दरभंगा, शिवहर और पटना सहित कई जिलों में लोगों की नींद खुल गई और वे घरों से बाहर निकल आए।

नेपाल में था भूकंप का मुख्य केंद्र

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, इस भूकंप का मुख्य केंद्र नेपाल में था, जहां इसकी तीव्रता 6.0 से अधिक मापी गई। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर (6.21 मील) थी।

17 फरवरी को भी महसूस किए गए थे भूकंप के झटके

इससे पहले, 17 फरवरी की सुबह बिहार के सिवान और उसके आसपास के इलाकों में भी हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। सुबह 8:02 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 4.0 थी, और इसका केंद्र सिवान में 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इस झटके से लोगों में घबराहट फैल गई और कई लोग घरों से बाहर निकल आए। इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कुछ अन्य हिस्सों में भी भूकंप के असर को महसूस किया गया था।भूकंप के लगातार आ रहे झटकों से लोग चिंतित हैं और सतर्कता बरत रहे हैं।

Share This