लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव किया गया है। इस फेरबदल के तहत राज्य सरकार ने 16 आईएएस और 11 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव की अहम कड़ी में अयोध्या के जिलाधिकारी का भी स्थानांतरण किया गया है। अब निखिल टीकाराम फुंडे को अयोध्या का नया डीएम नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी मंदिर ट्रस्ट को भेजे गए एक ईमेल के जरिए दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, यह मेल तमिलनाडु के एक व्यक्ति द्वारा भेजा गया था, जिसमें संभावित हमले को लेकर चेतावनी दी गई थी। इसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राम मंदिर की सुरक्षा को और पुख्ता कर दिया है।
इससे पहले 9 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर न्यायिक सेवा में भी बड़ा बदलाव हुआ था। इस आदेश के तहत एक साथ 961 न्यायिक अधिकारियों का तबादला किया गया। इनमें 361 अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, 300 सिविल जज (सीनियर डिवीजन) और 300 सिविल जज (जूनियर डिवीजन) शामिल थे।
मार्च महीने में भी प्रदेश में पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल देखने को मिला था। उस समय 7 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया था, जिसमें बबलू कुमार को लखनऊ का जॉइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) नियुक्त किया गया था। इससे पहले 17 अन्य आईपीएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया था और दो अधिकारियों के आदेशों में संशोधन किया गया था।
यह कोई नई बात नहीं है कि योगी सरकार के कार्यकाल में जब भी अधिकारियों का तबादला होता है, तो वह चर्चा का विषय बन जाता है। हालांकि, इस बार जिन आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर हुआ है, उनके तबादले के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है।

