मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड में बंद मुस्कान और साहिल को लेकर ताजा जानकारी सामने आई है। जेल में दोनों की आज दूसरी बार मुलाकात हुई, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायालय के समक्ष पेशी के दौरान हुई। इस दौरान दोनों भावुक भी हो गए। पेशी के दौरान मुस्कान ने साहिल को बताया कि वह गर्भवती है। अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत 28 अप्रैल तक बढ़ा दी है।
जेल प्रशासन के अनुसार, गर्भवती होने के चलते मुस्कान को पोषणयुक्त आहार और आवश्यक दवाइयाँ दी जा रही हैं। मुस्कान और साहिल ने यह भी आग्रह किया है कि वे अब सरकारी वकील की बजाय निजी वकील की मदद से कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं, क्योंकि वे सरकारी वकील की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं हैं। जेल में दोनों ने आपस में बातचीत करने की भी कोशिश की।
जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज ने इस संबंध में पुष्टि करते हुए बताया कि मुस्कान की प्रेग्नेंसी की जानकारी 7 अप्रैल को मिली थी, जब उसका टेस्ट पॉजिटिव आया था।
गौरतलब है कि मुस्कान और साहिल पर मुस्कान के पति सौरभ की हत्या का आरोप है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सौरभ की हत्या कर दी और फिर उसके शव के टुकड़े कर उन्हें एक नीले ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट डाल दिया था।
यह मामला पूरे देश में सुर्खियों में रहा, क्योंकि इसमें एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेहद निर्ममता से अपने पति की हत्या कर दी थी। मामले ने समाज में गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।

