Posted By : Admin

महिला अपने होने वाले दामाद के साथ भाग गई थी, अब पति ने कहा – मैं उसे दूसरा मौका देना चाहता हूँ

अलीगढ़ से सामने आए चौंकाने वाले मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। जिस महिला ने अपने दामाद के साथ भागकर घर छोड़ा, उसके पति जितेंद्र ने भावुक अपील की है। उनका कहना है कि वह अपनी पत्नी को तलाक नहीं देना चाहते क्योंकि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं जिन्हें माँ की सबसे ज्यादा ज़रूरत है। जितेंद्र ने यह भी कहा कि वह अब भी अपनी पत्नी को घर लौटने का मौका देना चाहते हैं।

“टूटा है मेरा घर, लेकिन मैं फिर से बसाना चाहता हूं” – पति

जितेंद्र, जिनकी पत्नी घर छोड़कर चली गई, अपने बच्चों की परवरिश अकेले कर रहे हैं और मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने टूटे हुए परिवार को फिर से जोड़ना चाहते हैं। वह पत्नी को माफ कर दूसरा मौका देने के लिए तैयार हैं। जितेंद्र ने कहा, “मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं, घर की हालत बिगड़ चुकी है। लेकिन मैं फिर भी अपने रिश्ते को बचाना चाहता हूं। मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चों की जिंदगी माँ के बिना अधूरी रह जाए।”

लाखों की संपत्ति लेकर गई पत्नी, पति ने लगाया गंभीर आरोप

जितेंद्र का आरोप है कि उनकी पत्नी घर से जाते समय 3 लाख 50 हजार रुपये नकद, करीब 5 लाख 50 हजार के गहने, 1 लाख रुपये की सिक्के की रकम और दोनों मोबाइल फोन भी साथ ले गई। उन्होंने मांग की है कि यह सारी संपत्ति उन्हें वापस दी जाए। साथ ही उन्होंने उस युवक पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके साथ उनकी पत्नी भागी है।

“लड़का ठग है, पहले भी कर चुका है ऐसे काम” – पति का आरोप

जितेंद्र का कहना है कि वह युवक महिलाओं को फोन पर अपनी बातों में फंसा लेता है और फिर उन्हें बहला-फुसलाकर अपने पास बुला लेता है। उसके बाद उनके पैसे और गहने लेकर उन्हें अकेला छोड़ देता है। जितेंद्र ने यह भी कहा कि यह युवक पहले भी दो बार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

“गलती बड़ी है, फिर भी पत्नी को मौका देना चाहता हूं” – भावुक हुआ पति

जितेंद्र ने साफ कहा है कि वह मानते हैं कि पत्नी और उस युवक ने बहुत बड़ा अपराध किया है, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी पत्नी को एक और मौका देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “पहले मेरी पत्नी को परिवार के सामने आकर सफाई देनी होगी, सबके साथ बैठकर बात करनी होगी। अगर वो सही साबित होती है और वापसी चाहती है तो मैं उसे स्वीकार करने को तैयार हूं। मैं तलाक नहीं दूंगा क्योंकि मेरे बच्चे बहुत छोटे हैं और उन्हें माँ की ज़रूरत है।”

इस पूरे मामले में जितेंद्र का यह रवैया एक पिता और पति के रूप में उसकी संवेदनशीलता को दर्शाता है, जो हर हाल में अपने परिवार को टूटने से बचाना चाहता है।

Share This