अमरोहा: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर ने एक जनसभा के दौरान मुगल शासकों औरंगजेब और अकबर को लेकर बड़ा बयान दिया है। कांठ से विधायक कमाल अख्तर ने कहा कि भारत का मुसलमान अल्लाह और पैगंबर मोहम्मद साहब के बताए हुए रास्ते पर चलता है, न कि किसी राजा या बादशाह को अपना आदर्श मानता है। उन्होंने कहा कि अकबर और औरंगजेब जैसे शासक अपने समय के राजा थे, लेकिन आज का मुसलमान उन्हें अपना मार्गदर्शक नहीं मानता।
हसनपुर में आयोजित आंबेडकर स्वाभिमान गोष्ठी में बोलते हुए अख्तर ने कहा, “जो भी मुसलमान इतिहास पढ़ता है, वह यह जानता है कि अकबर, औरंगजेब या बाबर को कोई आदर्श नहीं मानता। ये सिर्फ पुराने समय के राजा थे। जब नौकरी और रोजगार की बात होती है, तो भाजपा हुमायूं और बाबर जैसे नाम उछालकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश करती है।”
कमाल अख्तर ने कहा, “मुसलमान केवल अल्लाह और हुजूर के रास्ते पर चलता है। बाबर और औरंगजेब का रास्ता कोई नहीं अपनाता। ये नाम केवल राजनीतिक फायदे के लिए उछाले जाते हैं ताकि बेरोजगार युवाओं का ध्यान असल मुद्दों से हटाया जा सके।”
गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र के खुल्दाबाद में मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद देशभर में इस मुद्दे पर बयानबाज़ी शुरू हो गई थी, और यूपी में भी इसका असर देखने को मिला।

