चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल का यह सीजन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। टीम का प्रदर्शन बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा है। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को कोहनी में चोट लग गई और उन्हें पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा। इसके बाद फिर से महेंद्र सिंह धोनी को कमान संभालनी पड़ी। टीम ने कई खिलाड़ियों को आज़माया, लेकिन कोई भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सका। अब तक CSK को 7 में से 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।
प्लेऑफ की उम्मीदें अब भी ज़िंदा
चेन्नई ने अब तक 7 मैचों में केवल 2 में जीत दर्ज की है और उसके खाते में सिर्फ 4 अंक हैं। नेट रन रेट 1.276 है और टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे बनी हुई है। हालांकि, अभी CSK के पास 7 मुकाबले बाकी हैं। अगर टीम प्लेऑफ की दौड़ में बनी रहना चाहती है, तो उसे इनमें से कम से कम 6 मुकाबले जीतने होंगे। ऐसा करने पर उसके 16 अंक हो सकते हैं, जिससे प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीद बनेगी।
नेट रन रेट भी बनेगा बड़ा फैक्टर
सिर्फ मैच जीतना ही काफी नहीं होगा। टीम को जीत के साथ-साथ अपने नेट रन रेट पर भी काम करना होगा। इसके लिए चेज करते समय लक्ष्य को तेजी से हासिल करना होगा और जब भी स्कोर डिफेंड कर रही हो, तो बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
घरेलू मैदान पर करना होगा कमाल
CSK के पास अब तीन मुकाबले चेपॉक स्टेडियम में खेलने का मौका है, जो उसका घरेलू मैदान रहा है। पर इस बार टीम यहां भी कमजोर साबित हुई है। चेन्नई ने इस सीजन में चेपॉक में चार मैच खेले हैं और उनमें से तीन हारे हैं। ऐसे में अब बचे हुए होम मैचों को जीतना बेहद जरूरी हो गया है। अपने होम ग्राउंड की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए टीम को यहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
धोनी की भूमिका होगी अहम
अगर चेन्नई को आगे बढ़ना है, तो धोनी को अपने पुराने अंदाज़ में कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में दम दिखाना होगा। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हाल ही में खेले गए मैच में 11 गेंदों पर 26 रन बनाकर शानदार वापसी का संकेत दिया था। इस पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का जड़ा और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बने। उनके अनुभव और नेतृत्व में ही CSK के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुल सकते हैं।
अगर CSK एकजुट होकर बेहतर खेल दिखाए, तो अभी भी टीम के पास आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में पहुंचने का सुनहरा मौका है।

