आईपीएल 2025 के 41वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया। इस मैच में भले ही हैदराबाद को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने एक खास माइलस्टोन हासिल किया। उन्होंने रेयान रिकल्टन को आउट कर अपना 100वां आईपीएल विकेट पूरा किया। हालांकि, इसके साथ ही उन पर एक ऐसा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया जिसे कोई भी गेंदबाज अपने नाम नहीं करना चाहेगा — आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा पारियों के बाद 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड।
जयदेव उनादकट ने 2010 में आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और अब तक 107 मुकाबलों की 106 पारियों में 100 विकेट पूरे किए हैं। इससे पहले ये “स्लोएस्ट टु 100 विकेट” रिकॉर्ड विनय कुमार के नाम था, जिन्होंने 101 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। आंद्रे रसेल ने भी 100 पारियों में ही 100 विकेट पूरे किए थे, जबकि उमेश यादव ने 99 और जहीर खान ने 98 पारियों में ये आंकड़ा छुआ था।
उनादकट का आईपीएल सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। अब तक वे लीग की 8 अलग-अलग फ्रेंचाइज़ियों का हिस्सा बन चुके हैं। उनके नाम 107 आईपीएल मैचों में 32.30 की औसत और 8.96 की इकॉनमी से 100 विकेट दर्ज हैं। हालांकि मौजूदा सीजन में उन्हें ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। आईपीएल 2025 में वह अब तक सिर्फ 2 मुकाबलों में उतरे हैं और केवल 1 विकेट ले पाए हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अगर आगे के मैचों में उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
वहीं बात करें सनराइजर्स हैदराबाद की मौजूदा फॉर्म की तो टीम का प्रदर्शन इस सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। उन्होंने अब तक 8 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से केवल 2 में ही उन्हें जीत मिली है, जबकि 6 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इस समय टीम सिर्फ 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। ऐसे में प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अब उन्हें अपने बचे हुए सभी 6 मुकाबले जीतने होंगे, जो कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए काफी चुनौतीपूर्ण लग रहा है।

