Posted By : Admin

शुभम के परिवार से मिले सीएम योगी, बोले- आतंकियों को उनके अपराध की मिलेगी सजा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कानपुर पहुंचकर पहलगाम (कश्मीर) आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की। 22 अप्रैल को हुए इस भयावह हमले में 28 लोगों की जान गई थी, जिनमें शुभम भी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और दिवंगत शुभम को श्रद्धांजलि अर्पित की। शुभम की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी, जिससे परिवार का दुख और गहरा हो गया है।

पत्रकारों से बात करते हुए सीएम योगी ने इस हमले को ‘आतंक की आखिरी तड़प’ बताया। उन्होंने कहा, “आतंकियों ने जाति और धर्म की पहचान पूछकर मासूम लोगों को निशाना बनाया, बहन-बेटियों की मांग उजाड़ी। लेकिन अब आतंकवाद को माकूल जवाब मिलेगा।”

उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले ही शुभम के पिता से फोन पर बात कर चुके हैं। योगी ने कहा कि ये हमला इंसानियत के खिलाफ कायराना हरकत है, जिसकी विश्वभर में निंदा हो रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम योगी ने केंद्र सरकार की कार्रवाई का भी उल्लेख किया और बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई सीसीएस (कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी) की बैठक में अहम निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर सभी को भरोसा है।

Share This