लखनऊ के नए नगर आयुक्त, गौरव कुमार ने बृहस्पतिवार को अपने पद का कार्यभार संभाल लिया। इससे पूर्व नगर आयुक्त, इन्द्रजीत सिंह ने उन्हें औपचारिक रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी। कार्यभार ग्रहण करने के बाद गौरव कुमार ने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार और भ्रष्टाचार पर कड़ी निगरानी रखना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।
गौरव कुमार ने पूर्व नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरह से शहर को संवारा है, उसी दिशा में वे भी काम करेंगे। गौरव कुमार चंडीगढ़ के निवासी हैं और उनका शैक्षिक बैकग्राउंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग से है। वे 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
गौरव कुमार ने यह भी बताया कि वे पहले भी लखनऊ में कार्य कर चुके हैं। करीब डेढ़ साल पहले वे लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में ओएसडी के रूप में लगभग 20 दिनों तक कार्यरत रहे थे। अब उन्हें एक बार फिर लखनऊ में नगर प्रशासन की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

