Posted By : Admin

अरशद नदीम को भारत बुलाने पर नीरज चोपड़ा हुए ट्रोल का शिकार, अब स्टार एथलीट ने तोड़ी चुप्पी

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। सरकार ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।

इस हमले से पहले, भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने पाकिस्तान के खिलाड़ी अरशद नदीम को आगामी नीरज चोपड़ा क्लासिक (NC Classic) में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था। टूर्नामेंट की शुरुआत 24 मई से होनी है। हालांकि, अरशद ने टूर्नामेंट में भाग लेने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि वह 22 मई को कोरिया रवाना हो रहे हैं, जहां 27 से 31 मई तक एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित होगी।

लेकिन इस आमंत्रण को लेकर नीरज को सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने उनके देशभक्ति पर सवाल खड़े किए, यहां तक कि उनके परिवार को भी ट्रोल किया गया।

इन आलोचनाओं पर नीरज चोपड़ा ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने लिखा:

“मैं अक्सर कम बोलता हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि गलत के खिलाफ खामोश रहूंगा। विशेषकर जब बात मेरे देश के प्रति प्यार और मेरे परिवार के सम्मान की हो। अरशद को भेजा गया आमंत्रण सिर्फ एक एथलीट से दूसरे एथलीट का आमंत्रण था – इससे ज्यादा कुछ नहीं। इसका उद्देश्य भारत में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना था।”

उन्होंने आगे लिखा कि एथलीटों को बुलावा हमले से दो दिन पहले भेजा गया था, और इस घटना के बाद अरशद की उपस्थिति की कोई संभावना नहीं थी। उन्होंने कहा, “मेरा देश और उसकी सुरक्षा हमेशा मेरी प्राथमिकता रही है। इस दुखद हमले में जिनकी जान गई, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं भी देश के हर नागरिक की तरह आहत और क्रोधित हूं।”

नीरज ने अपनी पोस्ट में ये भी कहा कि बिना पूरी जानकारी के उन पर और उनके परिवार पर उंगलियां उठाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “मेरी मां के पुराने बयान की पहले तारीफ हुई थी, और अब उसी बयान पर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। लोग एक पल में अपना नजरिया बदल लेते हैं।”

नीरज चोपड़ा की उपलब्धियाँ:

  • टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल
  • पेरिस ओलंपिक 2024 में सिल्वर मेडल
  • वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल
  • डायमंड लीगएशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन
  • अब तक का सर्वश्रेष्ठ थ्रो: 89.94 मीटर

नीरज ने अंत में यह भी कहा कि वह पूरी मेहनत से देश का नाम रोशन करने के लिए प्रयासरत हैं और चाहते हैं कि पूरी दुनिया भारत को उनके काम के ज़रिए याद रखे।

Share This