Posted By : Admin

रिकॉर्ड बुक में फिर शामिल हुआ विराट का नाम, T20 में अर्धशतक के साथ किया कमाल

विराट कोहली ने आईपीएल 2025 के शुरुआती मैचों में भले ही ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ा था, लेकिन अब उन्होंने जबरदस्त फॉर्म पकड़ ली है। धीरे-धीरे लय में लौटते हुए कोहली अब लगातार रन बना रहे हैं और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की जीत में अहम योगदान दे रहे हैं। मौजूदा सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 392 रन बना लिए हैं और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह दूसरे पायदान पर काबिज हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हाल ही में खेले गए मुकाबले में उन्होंने शानदार अर्धशतक जमाया और 42 गेंदों में 70 रनों की जबरदस्त पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

इस मुकाबले में अर्धशतक लगाते ही कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दरअसल, उन्होंने इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स का रिकॉर्ड तोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में एक ही मैदान पर सबसे ज्यादा अर्धशतक जमाने का कारनामा किया है। कोहली ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पर कुल 26 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि हेल्स ने ट्रेंट ब्रिज मैदान पर 25 अर्धशतक लगाए थे। इस रिकॉर्ड को तोड़कर कोहली ने टी20 इतिहास में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है।

अब तक विराट कोहली आईपीएल 2025 में 9 मैच खेल चुके हैं और पांच अर्धशतक जमा चुके हैं। उनका बल्ला लगातार रन उगल रहा है, और जब वे क्रीज पर सेट हो जाते हैं, तो विपक्षी टीम के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होता।

कोहली आईपीएल में 2008 से लगातार आरसीबी की ओर से खेल रहे हैं और लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 261 मैचों में 8296 रन बना लिए हैं, जिसमें 8 शतक और 60 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल में 8000 से ज्यादा रन बनाने वाले वह इकलौते बल्लेबाज हैं।

Share This