उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चरवा थाना क्षेत्र के चौराडीह गांव में एक पशुबाड़े के कमरे में प्रेमी युगल का शव फंदे से लटका हुआ मिला। सुबह जब ग्रामीणों ने दोनों के शव देखे तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। सीओ चायल सत्येंद्र तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का मुआयना किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों ने आत्महत्या की है। मृतकों की पहचान रंजीत और सरिता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन परिजनों की रजामंदी न मिलने के कारण परेशान थे। युवती की शादी अगले महीने मई में तय कर दी गई थी, जिससे दोनों तनाव में थे। इसी कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रंजीत कुछ दिन पहले ही राजस्थान से वापस लौटा था। दोनों के शव भूसे के कमरे में एक ही दुपट्टे से लटके मिले हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों अगर एक नहीं हो सकते थे, तो जीने का मकसद भी खत्म हो गया था।
पारिवारिक विरोध बना वजह
सूत्रों के अनुसार, युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन्होंने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। इस फैसले से आहत होकर प्रेमी युगल ने मौत को गले लगा लिया।
हालिया घटना की कड़ी में दूसरी आत्महत्या
गौरतलब है कि कौशाम्बी के सिराथू क्षेत्र में भी इसी महीने एक 16 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया गया कि उसकी मां ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था, जिससे आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया था।पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है

