आईपीएल 2025 में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पंजाब किंग्स के बीच एक रोमांचक मुकाबला होने वाला है। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां सीएसके इस सीजन का छठा मैच खेलने उतरेगी। हालांकि चेन्नई को इस मैदान पर अब तक केवल एक ही जीत मिली है, जो उन्होंने 23 मार्च को दर्ज की थी। इसके बाद से टीम अपने घरेलू दर्शकों को जीत का स्वाद नहीं चखा सकी है, इसलिए आज का मैच उनके लिए काफी अहम होगा।
अगर चेन्नई को पंजाब के खिलाफ जीत दर्ज करनी है, तो उसके अनुभवी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। खासतौर पर रवींद्र जडेजा से टीम को काफी उम्मीदें होंगी। जडेजा इस मैच में गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभा सकते हैं, साथ ही उनके पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका भी है।
रवींद्र जडेजा अगर इस मैच में 2 विकेट ले लेते हैं, तो वह आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। अभी तक यह रिकॉर्ड ड्वेन ब्रावो के नाम है, जिन्होंने 116 मैचों में 140 विकेट लिए हैं। जडेजा के नाम वर्तमान में 181 मैचों में 139 विकेट हैं।
आईपीएल में सीएसके की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- ड्वेन ब्रावो – 140
- रवींद्र जडेजा – 139
- आर अश्विन – 95
- दीपक चाहर – 76
- एल्बी मोर्कल – 76
- शार्दुल ठाकुर – 60
इतना ही नहीं, जडेजा अब तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए टी20 क्रिकेट में कुल 148 विकेट ले चुके हैं। अगर वे आज दो और विकेट ले लेते हैं, तो वह टी20 में सीएसके की ओर से 150 विकेट पूरे करने वाले दूसरे गेंदबाज बन जाएंगे। इस मामले में भी ब्रावो ही शीर्ष पर हैं, जिनके नाम 154 विकेट दर्ज हैं।
सीएसके की ओर से टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- ड्वेन ब्रावो – 154
- रवींद्र जडेजा – 148
- आर अश्विन – 125
- एल्बी मोर्कल – 91
- दीपक चाहर – 76
क्या जडेजा आज इतिहास रच पाएंगे? यह देखना दिलचस्प होगा।

