हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र स्थित खानूपुर गांव में मंगलवार को भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के दो परिवार—आलोक और अजय कुमार के परिजन—जमीन के मामले में आमने-सामने आ गए, जिससे गांव में तनाव फैल गया। इस झड़प के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थरों से हमला किया। हिंसा में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि गोविंद और आलोक के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। विवाद उस समय भड़क गया जब खेत में लगे एक पेड़ को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग हथियार और ईंट-पत्थर लेकर भिड़ गए।
ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला किसी तरह शांत कराया गया और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है।
पाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने गोविंद की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ और आलोक की तहरीर पर भी चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शेष आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा गांव में छापेमारी की जा रही है।

