गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां तुलसी निकेतन स्थित जीडीए के जनता फ्लैट्स में बुधवार रात को एक जर्जर फ्लैट की बालकनी अचानक नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आने से मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय आकाश और 4 साल के वंश के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आकाश अपने भांजे वंश के साथ घर से पास की किराना दुकान पर चावल लेने गया था। दोनों दुकान के बाहर एक टिन की छत के नीचे खड़े थे। इस टिन शेड के ऊपर ही वह फ्लैट था, जिसकी बालकनी काफी कमजोर हालत में थी। अचानक वह बालकनी टूटकर नीचे गिर पड़ी और दोनों उसके मलबे में दब गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे वाली बालकनी शबीना खान के फ्लैट की थी, जिस पर अवैध रूप से एक शौचालय बनाया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं जीडीए अधिकारियों ने बताया कि इस कॉलोनी का निर्माण करीब 30 साल पहले हुआ था और यह अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सुरक्षा कारणों और पुनर्निर्माण की योजना को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें निवासियों से फ्लैट खाली करने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, लोगों ने इन चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया।
इस दुखद घटना ने नगर प्रशासन की लापरवाही और जर्जर इमारतों में रह रहे लोगों की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

