टीवी और फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस अचिंत कौर एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘जमाई राजा’, ‘स्वाभिमान’, और ‘झांसी की रानी’ जैसे पॉपुलर शोज़ में शानदार अभिनय कर चुकीं अचिंत अब एक खास वजह से चर्चा में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर काम की अपील की है।
इस वीडियो में अचिंत ने बताया कि वह लंबे समय से एक्टिंग से दूर हैं, लेकिन अब नए प्रोजेक्ट्स के लिए पूरी तरह तैयार हैं और एक्टिवली काम की तलाश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर काम करने का अच्छा अनुभव है और अब वह भारत के साथ-साथ इंटरनेशनल लेवल पर भी नए और दिलचस्प मौकों की तलाश में हैं।
वीडियो में अचिंत ने कहा, “नमस्कार, मैं एक एक्ट्रेस और वॉयस आर्टिस्ट हूं। मैं फिल्मों, सीरीज़, शॉर्ट फिल्म्स, वॉइस ओवर और सोशल मीडिया कोलैब्स जैसे किसी भी क्रिएटिव प्रोजेक्ट में काम करने के लिए तैयार हूं। अगर आपको या आपके जानने वालों को किसी भी तरह की कास्टिंग या कोलैबरेशन के बारे में जानकारी हो, तो कृपया मुझे बताएं। मैं काफी उत्साहित हूं नए अवसरों के लिए।”
उन्होंने आगे यह भी बताया कि उनकी मैनेजर तनुजा मेहरा और सोशल मीडिया मैनेजर रेवा खरे शर्मा के कॉन्टैक्ट डिटेल्स उन्होंने शेयर किए हैं, जिससे कोई भी उनसे सीधे संपर्क कर सकता है।
अचिंत कौर ने ‘किटी पार्टी’, ‘कहानी घर घर की’, ‘जमाई राजा’ जैसे टीवी शोज़ के अलावा ‘हॉन्टेड 3डी’, ‘हीरोइन’, ‘2 स्टेट्स’ और ‘कलंक’ जैसी फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। खास तौर पर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में मंदिरा और ‘कहानी घर घर की’ में पल्लवी के रोल के लिए उन्हें खूब सराहना मिली थी।

