Posted By : Admin

निर्मला सीतारमण रचेंगी इतिहास, लगातार 9वां बजट पेश करने वाली पहली वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक बार फिर इतिहास रचने जा रही हैं। एक फरवरी को वह लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करेंगी, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2019 में दूसरी बार सत्ता में आने के बाद उन्हें देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री बनाया था। इसके बाद 2024 में मोदी सरकार के तीसरी बार सत्ता में आने पर भी वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी उनके पास ही रही।

अब तक फरवरी 2024 के अंतरिम बजट समेत सीतारमण लगातार आठ बजट पेश कर चुकी हैं। वैश्विक अनिश्चितताओं और आर्थिक चुनौतियों के बीच पेश होने वाले इस नौवें बजट से आर्थिक वृद्धि को रफ्तार देने वाले सुधारवादी कदमों की उम्मीद की जा रही है। इस उपलब्धि के साथ सीतारमण पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच जाएंगी, जिन्होंने अलग-अलग कार्यकाल में कुल 10 बजट पेश किए थे।

हालांकि, लगातार सबसे अधिक बजट पेश करने का रिकॉर्ड अब निर्मला सीतारमण के नाम ही रहेगा। इससे पहले पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कुल 9 बजट, जबकि प्रणब मुखर्जी ने 8 बजट पेश किए थे। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 1991 से 1995 के बीच वित्त मंत्री रहते हुए लगातार पांच बजट प्रस्तुत किए थे।

स्वतंत्र भारत के बजट इतिहास पर नजर डालें तो देश का पहला आम बजट 26 नवंबर 1947 को पहले वित्त मंत्री आर के शनमुखम चेट्टी ने पेश किया था। बजट से जुड़ा एक और दिलचस्प तथ्य यह है कि सबसे लंबा बजट भाषण भी निर्मला सीतारमण के नाम दर्ज है, जिन्होंने 1 फरवरी 2020 को करीब 2 घंटे 40 मिनट तक भाषण दिया था। वहीं, सबसे छोटा बजट भाषण 1977 में हिरूभाई मुल्जीभाई पटेल ने दिया था, जो महज 800 शब्दों का था।

बजट पेश करने की परंपरा में भी समय के साथ बदलाव हुए हैं। पहले बजट शाम 5 बजे पेश किया जाता था, जिसे 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने बदलकर सुबह 11 बजे कर दिया। वहीं, 2017 में बजट की तारीख फरवरी के आखिरी दिन से बदलकर 1 फरवरी कर दी गई, ताकि वित्त वर्ष की शुरुआत से पहले सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें।

इस तरह, लगातार नौवां बजट पेश कर निर्मला सीतारमण न सिर्फ एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगी, बल्कि भारतीय बजट इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा देंगी।

Share This